फर्जी शिकायतों से मतदाताओं का नाम सूची से कटवाने पर सपा ने उठाई आवाज
– विधान सभा क्षेत्र तरबगंज
गोण्डा। जनपद के 299 विधानसभा क्षेत्र तरबगंज में फर्जी शिकायत कर वैध मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटवाने के खिलाफ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों ने आवाज उठाई है। पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रामभजन चौबे एवं अन्य आधा दर्जन पदाधिकारियों ने एसडीएम को मांगपत्र देकर विधानसभा क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा प्रारूप -11 से फर्जी शिकायत कर वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है। सपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य विजय कुमार सिंह उर्फ टिंटू सिंह व कृष्ण कुमार तिवारी केटी तिवारी व उपाध्यक्ष दिनेश यादव , विवेक कुमार सिंह बाबा के हस्ताक्षर से मंगलवार को पूर्वाह्न उप जिलाधिकारी तरबगंज को दिए गए मांगपत्र में सपा नेताओं ने कहा है कि तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में चल रही मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया एसआईआर में राजनीतिक द्वेष वश कुछ लोग प्रारूप – 11 से फर्जी शिकायत कर पीढ़ी दर पीढ़ी रह रहे वैध मतदाताओं के नाम सूची से कटवाने का प्रयास कर रहे हैं। मांगपत्र में सपा नेताओं ने मांग किया है कि प्रारूप 11 की प्रत्येक शिकायतों की उच्च स्तरीय जांच करायी जाए और जांच पूरी होने से पूर्व नाम किसी भी कीमत पर न हटाए जाएं। सपा नेताओं ने शिकायत के फराजी पाए जाने पर शिकायतकर्ता के विरुद्ध भारत निर्वाचन आयोग के लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1960 की धारा – 31 के अधीन समुचित दंडात्मक कार्यवाही की जाए। सपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज चौबे ने मांगपत्र की जानकारी देते हुए बताया कि विधान सभा क्षेत्र तरबगंज में भारी संख्या में फर्जी शिकायतों पर मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने के किसी भी प्रयास पर सपा कार्यकर्ता मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं।
मांगपत्र देते समय देवमणि तिवारी, अंकुर मणि तिवारी,रिंटू सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, सौरभ पांडे, अंकित पांडे, दिलीप पांडे, प्रमोद चौबे, रोहित चौबे, आदि सपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल रहे।

