जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सदर तहसील का संपूर्ण समाधान दिवस प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस में 85 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 05 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर निर्देशित किया कि संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए गुणवत्ता पूर्ण तरीके से एक सप्ताह के अंदर निस्तारित किया जाय।
संपूर्ण समाधान दिवस पर अधिकतर शिकायतें जमीन विवाद के संबंध में प्राप्त हुए जिसके संदर्भ में जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया कि राजस्व तथा पुलिस विभाग की टीमें मौके पर जाकर निरीक्षण करें और लेखपाल तथा कानूनगो की टीम बनाकर जमीन विवाद के मामलों की जांच कराते हुए नियमानुसार समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि जमीन विवाद के मामले में कोई लेखपाल लापरवाही करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जमीन विवादों का निस्तारण शासन प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता में है अतः इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।
जिलाधिकारी द्वारा कहा गया कि अगले संपूर्ण समाधान दिवस पर जो भी शिकायतकर्ता आएंगे उनको कोरोना टीकाकरण का प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य है और कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करना अति आवश्यक है जिससे कोरोना को नियंत्रित किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनुपम शुक्ला, उप जिलाधिकारी सदर हिमांशु नागपाल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

