ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो गांवों में करीब 62,500 वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्राधिकरण की टीम ने ननवा का राजपुर और अटाई मुरादपुर गांव में अवैध रूप से किए गए निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 125 करोड़ रुपये बताई गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीम लगातार अभियान चलाकर सरकारी और प्राधिकरण की जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा रही है।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ननवा का राजपुर गांव के खसरा संख्या 40 और 41 में करीब 37,500 वर्गमीटर जमीन पर कॉलोनाइजरों द्वारा अवैध निर्माण कर कॉलोनी बसाने का प्रयास किया जा रहा था। प्रोजेक्ट विभाग के वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रबंधक राकेश बाबू, मिथिलेश कुमार समेत प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
इसके अलावा अटाई मुरादपुर गांव के खसरा संख्या 626 में करीब 25,000 वर्गमीटर जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को भी बुलडोजर की कार्रवाई के जरिए हटा दिया गया।
दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई के बाद कुल 62,500 वर्गमीटर जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई। प्राधिकरण के अनुसार इस जमीन का बाजार मूल्य करीब 125 करोड़ रुपये है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण या अनधिकृत प्लॉटिंग की अनुमति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी प्राप्त करें और अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से बचें।

