इंतजार खत्म आज खुल रहा है, प्रत्याशियों का भाग्य

अयोध्या। मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना स्थल के चारों तरफ कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया गया है। किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। मतगणना अभिकर्ताओं के प्रवेश के लिए स्थान निर्धारित किया गया है। पूरे इलाके में पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
विधानसभा चुनाव-2022 की मतगणना दस मार्च की सुबह आठ बजे से शुरू होगी। सुबह छह बजे शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में पांच विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम को खोल दिया जाएगा। पैरामिलिट्री फोर्स की ओर से इसकी निगरानी की जाएगी। मतगणना की शुरुआत सुबह आठ बजे से पोस्टल बैलेट से होगी, जबकि सुबह साढ़े आठ बजे से ईवीएम को खोला जाएगा। वहीं बुधवार को कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट के साथ ईवीएम के मतों की गिनती की ट्रेनिंग कराई गई। डीएम नितीश कुमार की मौजूदगी में कर्मचारियों को वोटों की गिनती के तरीके के बारे में समझाया गया।पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 46 प्रत्याशी हैं, जिसमें आठ महिलाएं और 38 पुरुष प्रत्याशी शामिल हैं। जिले में ओवर आल 61.28 फीसद मतदान हुआ है। इनमें सर्वाधिक मतदान बीकापुर में 63.44 प्रतिशत तो सबसे कम वोटिंग मिल्कीपुर में 60.23 प्रतिशत हुआ है। जबकि रुदौली में 61.26, गोसाईंगंज में 60.93 व अयोध्या में 60.47 प्रतिशत मतदान हुआ है। डीएम नितीश कुमार ने बताया कि मतगणना स्थल पर गुरुवार को बिना अनुमति प्रवेश नहीं दिया जाएगा। विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *