फिलीपींस में बुधवार सुबह 6.13 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.0 रही। हालांकि, इस दौरान किसी तरह के हताहत होने की खबर नहीं मिली है और ना ही सुनामी की कोई चेतावनी दी गई है। फिलीपींस के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान ने बताया कि भूकंप का केंद्र अब्रा प्रांत में किसी पर्वतीय इलाके में जमीन से 25 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
भूकंप के बाद भी कई झटके महसूस किए गए
भूकंप आने के बाद कई झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के तीव्र झटकों के कारण इमारतों और मकानों की दीवारों में दरारें आ गयीं। गौरतलब है कि फिलीपीन भूकंप के लिहाज से संवदेनशील क्षेत्र है। देश में 1990 में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप में करीब 2,000 लोग मोर गए थे।
जानें क्यों आता है भूकंप?
धरती मुख्य तौर पर चार परतों से बनी होती हैं। इनर कोर, आउटर कोर, मैनटल और क्रस्ट। क्रस्ट और ऊपरी मैन्टल कोर को लिथोस्फेयर कहते हैं। ये 50 किलोमीटर की मोटी परत कई वर्गों में बंटी हुई है जिसे टैकटोनिक प्लेट्स कहते हैं। ये टैकटोनिक प्लेट्स अपनी जगह पर कंपन करती रहती हैं और जब इस प्लेट में बहुत ज्यादा कंपन हो जाती हैं, तो भूकंप महसूस होता है।
जानिए भूकंप के केंद्र और तीव्रता का क्या मतलब है?
भूकंप का केंद्र वह स्थान होता है जिसके ठीक नीचे प्लेटों में हलचल से धरती हिलने लगती है। इस स्थान पर या इसके आसपास के क्षेत्रों में भूकंप का असर ज्यादा होता है। अगर रिक्टर स्केल पर 7 या इससे अधिक की तीव्रता वाला भूकंप है तो आसपास के 40 किमी के दायरे में झटका तेज होता है।

