सोमालिया की राजधानी मोगदिशु के होटल हयात में बंधक बनाए गए सौ से ज्यादा लोगों को इस्लामी आतंकियों व सुरक्षा बलों के बीच करीब 30 घंटे चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षित बचा लिया गया है। सोमालिया के स्वास्थ्य मंत्री अली हाजी अदन ने रविवार को बताया कि हमले में 21 लोगों की मौत और 117 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
वहीं, पुलिस आयुक्त आब्दी हसन मोहम्मद हिजर ने बताया कि सुरक्षाबलों ने बच्चों और महिलाओं सहित 106 लोगों को बिना किसी नुकसान के बचाया है। अल-कायदा से जुड़े आतंकी संगठन अल-शबाब के प्रवक्ता अब्दियाजीज अबू-मुसाब ने शनिवार को अंडालूस रेडियो को बताया कि हमला उसके लड़ाकों ने किया है। यह अमेरिकी और सोमालियाई सुरक्षाबलों की तरफ से उन पर किए गए हमलों का बदला है।
चश्मदीदों के मुताबिक, शुक्रवार शाम होटल के बाहर धमाके से हमले की शुरुआत हुई। इसके बाद कई आतंकी होटल में दाखिल हुए। वहां उन्होंने पहले अंधाधुंध गोलीबारी की और इसके बाद सैकड़ों लोगों को बंधक बना लिया।
आतंकियों से मुकाबले वाले दल के संचालन से जुड़े एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी आतंकियों को ढेर कर दिया गया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने हमलावर थे। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों को सबसे ज्यादा मशक्कत आतंकियों द्वारा होटल में जगह-जगह लगाए गए विस्फोटकों को हटाने में करनी पड़ी।

