ग्रेटर नोएडा में अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का हुआ भंडाफोड़, तीन आरोपी हुए गिरफ्तार, डेढ़ दर्जन चोरी की बाइकें हुई बरामद

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में दादरी थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 18 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दादरी पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने ग्राम कोट के सर्विस रोड से आनंदपुर जाने वाले रास्ते पर श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर दादरी निवासी कलुआ उर्फ इलियास, नितिन पंडित और अनमोल भारती को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बाइक चोरी के लिए रेकी करते थे। चोरी के बाद मोटरसाइकिलों को जंगल और सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे। बाद में इन्हें राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था। बिक्री से मिली रकम को आरोपी आपस में बांटकर खर्च करते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की जांच करने के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की बिक्री से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *