इस साल कई मिसाइल परीक्षणों के बाद उत्तर कोरिया अब परमाणु परीक्षण की तैयारी में है। एटमी धमाके लिए उत्तर कोरियाई की मशीनरी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बीच, अमेरिका ने कहा है कि वह उत्तर कोरिया से बातचीत के लिए तैयार है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रेस सचिव नेड प्राइस ने कहा कि उत्तर कोरिया के एक और परमाणु परीक्षण की संभावना के बारे में हमारी चिंता पिछले कुछ समय से लगातार बनी हुई है। यह इसका सातवां परीक्षण होगा। हम आकलन करते हैं कि डीपीआरके अपना सातवां परीक्षण करेगा, इसके लिए वह अपने पुंगये-री परीक्षण स्थल को तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम दुनिया भर में अपने सहयोगियों के साथ निकट समन्वय में सभी आकस्मिकताओं की तैयारी कर रहे हैं।
अमेरिकी उप विदेश मंत्री वेंडी शरमन पहुंचीं टोक्यो
अमेरिकी उप विदेश मंत्री वेंडी शरमन टोक्यो पहुंच गई हैं, जहां वे जापान और दक्षिण कोरियाई अधिकारियों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता करेंगी। प्राइस ने कहा कि शरमन की टोक्यो यात्रा इस क्षेत्र के लिए उत्तर कोरिया की चुनौती पर चर्चा करने के लिए समर्पित होगी। प्रवक्ता ने कहा कि हमने लगातार स्पष्ट किया है कि हमारा उत्तर कोरिया के प्रति कोई शत्रुतापूर्ण इरादा नहीं है। हमारे बीच बातचीत के लिए रास्ते खुले हैं।

