दो दिवसीय दौरे पर आज आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन, राज्य विवि के दीक्षांत समारोह में लेंगी हिस्सा

प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर प्रयागराज पहुंच रही हैं। वह मंगलवार को प्रोफेसर राजेंद्र सिंह रज्जू भैया राज्य विवि में आयोजित दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। राज्यपाल सोमवार को सायं प्रयागराज पहुंच जाएंगी। उनके लिए सर्किट हाउस में गवर्नर सूट आरक्षित किया गया है। सोमवार रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। सायंकाल वह क्लाइव रोड पर स्थित अमिताभ बच्चन के बंगले को देखने के भी जा सकती हैं। हालांकि इसका अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।

राज्य विवि का दीक्षांत समारोह 20 दिसंबर को 
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह में 145 मेधावियों को 150 पदक वितरित किए जाएंगे। खास यह कि 62 फीसदी पदकों पर बेटियों ने कब्जा किया है। दीक्षांत समारोह 20 दिसंबर को सुबह 10.30 बजे नैनी स्थित विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। यूनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में बीसीए के छात्र अनुराग राय को कुलाधिपति सहित तीन स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। समारोह के मुख्य अतिथि इसरो के पूर्व चेयरमैन पद्म विभूषण डॉ. कष्णस्वामी कस्तूरीरंगन होंगे, जबकि अध्यक्षता राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी बतौर विशिष्ट अतिथि समारोह में शामिल होंगी।

राज्य विवि के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि 54 छात्रों को 57 पदक और 91 छात्राओं को 93 पदक दिए जाएंगे। कुल 150 पदकों में एक कुलाधिपति पदक, 44 स्वर्ण, 46 रजत, 55 कांस्य, दो गुलाटी स्वर्ण पदक एवं दो छात्र हितैषी विशाल दत्ता दानदाता पदक शामिल हैं। 44 स्वर्ण पदकों में 21 पदक छात्र एवं 23 पदक छात्राओं को मिलेंगे। वहीं, 46 रजत पदकों में 17 पदक छात्र एवं 29 पदक छात्राओं को दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *