*राम मंदिर उत्सव : मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का एलान, 22 जनवरी को घरों में चरागां कर मनेगा जश्न, दरगाहों पर चढ़ेगी चादर*
अयोध्या (डीकेयू लाइव ब्यूरो) सुरेंद्र कुमार।अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ता देशभर में अपने घरों में चरागां कर जश्न मनाएंगे। इस दौरान घरों को मोमबत्ती और दीयों से रोशन किया जाएगा। मंच ने मुस्लिम समुदाय से अपने-अपने घरों में दीये रोशन करने की अपील की है।मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक सैयद रजा हुसैन रिजवी ने बताया कि श्रीराम देश के राष्ट्र नायक हैं। उनकी जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि अल्लाह के रसूल सल. की हदीस है जिस मुल्क में रहो उस मुल्क के कानून पर अमल करो। उन्होंने कहा कि मुसलमान मुल्क का बेहतरीन हिस्सा हैं और अमन व शांति से निवास करते आ रहे हैं।

