निरंतर अपनी प्रगति में विस्तार करते रहना चाहिए:प्रो. विनोद चंद्रा

निरंतर अपनी प्रगति में विस्तार करते रहना चाहिए:प्रो. विनोद चंद्रा

ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय

लखनऊ। श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय मे आज दो दिवसीय कैरियर फेस्ट ‘अनुभूति 2024’ का समापन समारोह प्रतिभागी संस्थाओ के प्रतिनिधियो के अभिनंदन के साथ संपन्न हुआ।
समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि रहे डॉ विराग दीक्षित, निदेशक, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट, डॉ शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ, ने छात्र-छात्राओं से कहा कि, कैरियर को लेकर किसी भी तरह का संशय मन में नहीं रखना चाहिए। सबसे पहले अपनी योग्यता और प्रतिभा को निखारना आवश्यक है, उसके बाद में यह सोचना उचित होगा कि हम कितने पैकेज की उम्मीद करें। उन्होंने राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की प्लेसमेंट सेवाओं को जय नारायण महाविद्यालय से जोड़ने की बात कही। विशिष्ट अतिथि रहे, आशुतोष श्रीवास्तव, संस्थापक, कोच अप ने कहा कि, अपने छोटे-छोटे टारगेट्स बनाएं और उनको पूरा करने की एक समय सीमा जरूर निर्धारित करें। इससे आपको अपने लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलती है। उन्होंने महाविद्यालय परिसर के वातावरण एवं छात्र-छात्राओं की जमकर प्रशंसा की। इस अवसर अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय प्राचार्य प्रो विनोद चंद्रा ने छात्र-छात्राओं से कहा कि, निरंतर अपनी प्रगति में विस्तार करते रहना चाहिए और इसका सबसे अच्छा तरीका है कि हम यह देखें कि प्रत्येक महीने हमने अपनी सीवी में क्या जोड़ा। यदि हम पूरे 12 महीने में ऐसा नहीं कर रहे हैं कि हमने अपनी सीवी या बायोडाटा में कुछ वृद्धि की हो, इसका अर्थ है कि हमारी प्रोग्रेस कहीं रुक गई है और इसे गति देने की जरूरत है। महाविद्यालय उपप्राचार्य प्रो के के शुक्ला ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
डॉ इंद्रपाल ने दो दिन चले कैरियर फेस्ट की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 2 दिन में 700 से अधिक छात्र-छात्राओं की करियर काउंसलिंग की गई। 300 से अधिक छात्र-छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में इंटर्नशिप ऑफर हुई तथा 200 छात्र छात्राएं विभिन्न नौकरियों के लिए शॉर्टलिस्ट हुए।
सीवी मेकिंग कार्यशाला में 100 से अधिक बच्चों ने प्रतिभाग किया। टीसीएस विशेषज्ञ, सत्यम कुमार ने छात्र-छात्राओं को प्रभावशाली सीवी बनाने के तौर तरीके सिखाए।
सुश्री जिया ने छात्र-छात्राओं को एयरलाइन्स क्षेत्र मे उपलब्ध करियर के अवसरों के बारे में बताया।
डिजिटल मार्केटिंग की वर्कशॉप में डेढ़ सौ से अधिक छात्र-छात्राओं ने डिजिटल मार्केटिंग के प्रमुख तत्वों की जानकारी प्राप्त की।
समारोह के समापन पर प्लेसमेंट सेल प्रभारी, डॉ विजय राज श्रीवास्तव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने महाविद्यालय प्राचार्य की तरफ से घोषणा की, अप्रैल के महीने में छात्र-छात्राओं के लिए बड़े जॉब मेला का आयोजन किया जाएगा।जिसमें राष्ट्र और विश्व की प्रतिष्ठित कंपनिया प्रतिभाग करेंगी। इस अवसर पर कला संकाय प्रभारी, प्रो एससी हजेला, डॉ समन खान, डॉ शरद कुमार चतुर्वेदी, डॉ शिखा अग्रवाल सहित अनेक शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *