43 दिनों बाद दो सौ के नीचे मिले कोरोना के नए मरीज, छह की मौत

प्रयागराज ।    कोरोना के मामले मेें शुक्रवार को बाकी दिनों के मुकाबले राहत भरी खबर रही। 43 दिनों के बाद नए संक्रमितों का आंकड़ा दो सौ के नीचे आ गया। इसके पहले 30 मार्च को कोरोना मरीजों की संख्या दो सौ के नीचे मिली थी। नए संक्रमितों की संख्या घटने और संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या बढ़ने से जिले में रिकवरी रेट 93 फीसदी पर पहुंच गया है। हालांकि, मरने वालों की संख्या नहीं घटी है। शुक्रवार को सेंट जोसेफ कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य फादर राल्फी डिसूजा सहित छह लोगों की मौत हो गई। कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि शुक्रवार को जिले में कुल 9938 कोरोना संदिग्धों की जांच की गई। इसमें 191 नए संक्रमित मिले। इसमें 36 एंटीजन की जांच में पॉजिटिव मिले तो 109 में आरटीपीसी से पुष्टि हुई। 46 लोग ट्रूनॉट की जांच में भी संक्रमित पाए गए हैं। ग्रामीण इलाकों से 29 और शहर में 152 पॉजिटिव मिले हैं। जबकि, एंटीजन जांच 5546 लोगों की हुई है। 3956 लोगों की आरटीपीसीआर जांच हुई है।

326 लोगों की जांच प्राईवेट लैब और 110 की ट्रूनॉट से जांच की गई है। हालांकि, शुक्रवार को हुई कुल जांच एक दिन पहले या और दिनों के मुकाबले कम है। बृहस्पतिवार को कुल 10699 लोगों की कोरोना की जांच की गई थी। उसमें से 241 संक्रमित मिले थे। उधर, जानकारों का कहना है कि और दिनों के मुकाबले कम होने से संख्या घटी है। फिलहाल नए संक्रमितों की संख्या घटने से जिले में कोरोना के मरीजों का रिकवरी रेट 93 फीसदी पहुंच गया है, जो कि और दिनों के मुकाबले बढ़ा है।
31 मार्च से पहले दो सौ के नीचे मिल रहे थे नए मरीज
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में कोरोना के नए मरीजों के आंकड़े में उछाल 31 मार्च को आया था। उस दिन आंकड़ा दो सौ पार करते हुए 24 घंटे में 213 नए मरीज मिले थे, जो कि एक दिन के पहले के मुकाबले 156 अधिक थे। उसके बाद से आंकड़े में 17 अप्रैल तक तेजी से उछाल आया। जबकि 31 मार्च के एक दिन पहले 30 मार्च को 60 नए संक्रमित मिले थे।
484 हुए संक्रमण मुक्त, 51 को मिली छुट्टी
कोरोना से संक्रमित होने वालों के मुकाबले संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या शुक्रवार को भी ज्यादा रही। शुक्रवार को जिले में 484 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ है। जबकि 51 लोगों को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय, बेली, रेलवे हॉस्पिटल सहित निजी अस्पतालों से छुट्टी दी गई। मरीजों की छुट्टी होने और नए मरीजों की संख्या घटने से अस्पतालों में बेड भी खाली हो गए और ऑक्सीजन की डिमांड घट गई है। शुक्रवार को संक्रमित होने वालों में फूलपुर और होलागढ़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के मेडिकल ऑफिसर, सिंचाई विभाग का जूनियर इंजीनियर, सीओडी छिवकी और एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय के बाबू, मेजा प्राथमिक विद्यालय का चपरासी, दारागंज थाने का सिपाही शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *