बाराबंकी : बाराबंकी जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र के खमोली गांव के मंदिर में सो रहे एक पुजारी की मंगलवार रात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। बुधवार की सुबह जब ग्रामीणों ने पुजारी का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा देखा तो इस बारे में पुलिस को जानकारी दी।
इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने घटना की जांच शुरू की है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। एसपी यमुना प्रसाद ने भी मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस घटना से गांव में आक्रोश व तनाव का माहौल व्याप्त है। इसको देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
एसपी यमुना प्रसाद के मुताबिक थाना टिकैतनगर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम खमौली में एक पुजारी की हत्या की जानकारी बुधवार सुबह पुलिस को प्राप्त हुई। बताया गया कि ग्राम खमौली के एक हनुमान मंदिर के पुजारी सुरेश चन्द्र चौहान (70) पुत्र रामसमुझ निवासी ग्राम भुड़ेहरी सुमेरगंज थाना रामसनेहीघाट की अज्ञात लोगों द्वारा सिर पर धारदार हथियार मारकर हत्या कर दी।
पुजारी सुरेश चन्द्र पिछले 4 वर्षों से इस मन्दिर में रहते थे और मंगलवार रात को परमात्मा निवासी निमतियापुर के घर दावत खाने गये थे। सुबह जब लोग दर्शन करने आये तो उनका शव मन्दिर में मिला। मंदिर में पुलिस बल मौके पर मौजूद है। अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। विधि व्यवस्था सम्बन्धी कोई समस्या नहीं है।

