अयोध्या (संवाददाता) सुरेंद्र कुमार गौतम। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से गोद लिये गये सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मसौधा की जल्द ही सूरत बदली नजर आयेगी। इसी के मद्देनजर सीएचसी के काया कल्प को लेकर जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने मंगलवार को अपराह्न सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मसौधा का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने सीएचसी की चहारदीवारी से सटे अतिक्रमण को तत्काल हटवाने के निर्देश एसडीएम सदर को दिये।
इसके अलावा स्वास्थ्य केन्द्र के प्रवेश द्वार पर लगे बोर्ड को हटवाकर उसकी जगह अच्छी गुणवत्ता का बोर्ड लगवाने, प्रवेश द्वार के दोनों पिलर्स पर अच्छी गुणवत्ता का टाइल्स लगवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में प्रवेश द्वार से लेकर अंदर की पूरी सड़क को ठीक कराने, चहारदीवारी के टूटे प्लास्टर को ठीक कराकर पुन: नये सिरे से पुताई कराने, चिकित्सालय में बने आवासों की भी रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान परिसर के अन्दर क्यारी की सफाई का कार्य तेजी से चल रहा था। जिलाधिकारी ने क्यारी की साफ-सफाई कराकर आकर्षक फूल-पौधे लगाने, बाउंड्री के किनारे पौधे रोपित कराने, मरहम-पट्टी कक्ष की वॉश बेसिन की साफ-सफाई व टाइल्स लगवाने के साथ रंगाई-पुताई कराने को कहा। उन्होंने अधीक्षक को चिकित्सालय में ओपीडी, कोविड हेल्प डेस्क, रजिस्ट्रेशन व पूछताछ काउंटर को पुन: संचालित किये जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने पैथोलॉजी कक्ष के निरीक्षण के दौरान उपस्थित लैब टेक्नीशियन ने बताया कि हीमोग्लोबिन, एचआईवी, ब्लड ग्रुप, सिफलिश कार्ड टेस्ट, यूरिन, शुगर, प्रग्नेन्सी, मलेरिया, स्पुटम फॉर ट्रूनाट से टीबी, कोविड एण्टीजेन की जांच की सुविधा उपलब्ध है। डीएम ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि एंटीवेनम, एआरवी के साथ ही अन्य सामान्य दवाओं की भी नियमित उपलब्धता करायी जाये। ओटी कक्ष में रखी ऑपरेशन टेबिल का कुशन को तत्काल ठीक कराने को कहा। अस्पताल आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए विभिन्न कक्षों तक जाने वाले स्थानों पर सांकेतिक चिन्ह बनाने, सभी मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी समस्त सुविधाएं सुगमता पूर्वक उपलब्ध कराने, शुद्ध पेयजल के लिए वाटर कूलर संचालित कराने को कहा। निरीक्षण के समय सीएमओ डा. घनश्याम सिंह, सीएचसी अधीक्षक डा. अबसार अली अंसारी, जेई एसबी सिंह व अन्य मेडिकल स्टॉफ मौजूद थे।

