सावन झूला मेला व कांवड़ यात्रा की तैयारी शुरू, कांवड़ यात्रा शुरू करने से 72 घंटे पहले कराना होगा कोविड- जांच

अयोध्या (संवाददाता) सुरेंद्र कुमार। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा व एसएसपी शैलेश कुमार पाण्डेय ने सावन झूला मेला एवं कावड़ यात्रा को लेकर संयुक्त रूप से श्रावण झूला मेला से जुड़े अधिकारियो व कांवड़ यात्रा के संघों व समितियों के पदाधिकारियो के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने सावन झूला मेला की प्रमुख तिथियों के बारे में बताया कि 11 अगस्त को मणिपर्वत पर झूलनोत्सव, 13 अगस्त को नागपंचमी पर्व, 15 अगस्त को गोस्वामी तुलसी दास जयंती व स्वतंत्रता दिवस मनाया जायेगाइसके अलावा 18 अगस्त को पुत्रदा एकादशी है। इस दिन अयोध्या में प्रात: सरयू स्नान व मंदिरों में पांच दिवसीय झूलनोत्सव प्रारम्भ होगा। 22 अगस्त को श्रवण पूर्णिमा एवं रक्षाबन्धन पर्व है। इन पर्वों पर विशेष सर्तकता एवं सावधानी बरतने के साथ कोविड प्रोटोकाल एवं गाइड लाइन का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश मेला क्षेत्र में तैनात किये गये। उन्होंने मेला से जुड़े अधिकारियों को आने वाले श्रद्धालुओ को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेला प्रारम्भ होने के पूर्व हर प्रकार की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये।कांवड़ संघों एवं समितियों के पदाधिकारियों से अपील की कि कोविड की तीसरी संभावित लहर के मद्देनजर कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए सीमित संख्या में ही कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाये। कांवड़ यात्रा में 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों तथा 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों को शामिल करने से पहरेज करें। उन्होंने कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले सदस्यों का कोविड टीकाकरण कराने की भी अपील संघों व समिति के सदस्यों से की है।कांवड़ यात्रा शुरू होने से 72 घंटे पहले कोविड-19 कराने को अनिवार्य कहा। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने कहा कि कावड़ यात्रा में जो भी सदस्य शामिल हों उन सभी को सलाह दी जाती है कि वे सभी यात्रा प्रारम्भ होने के 72 घंटे पूर्व अपना कोविड टेस्ट अवश्य करा लें जिससे यात्रा में शामिल होने वाले सभी सदस्यो के संक्रमण की संभावना नगण्य रहे। एसएसपी शैलेश पाण्डेय ने रूट डाववर्जन व सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। बैठक में कांवड़ संघ के पदाधिकारी मनोज जायसवाल तथा पीएन राय ने जिला प्रशासन को आश्वासन दिया कि भविष्य में शासन, जिला प्रशासन की जो भी गाइड लाइन एवं निर्देश प्राप्त होंगे सभी संघ एवं समितिया उनका पूर्ण रूप से पालन करेगी। बैठक में गगन जायसवाल, रोहताश्व चन्द्र राजू, विनोद जायसवाल, अमित गुप्त, शैलेन्द्र विक्रम सिंह, राजू जायसवाल व अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *