गोरखपुर। रामगढ़ताल क्षेत्र प्रेमिका के घर वालों ने प्रेमी की पीट- पीटकर हत्या कर दी। प्रेमी आधी रात अपनी गर्लफैंड को उसके घर से चुपके से लेकर चला गया था। पूरी रात बीतने के बाद जब सुबह उसे छोड़ने वापस आया तो प्रेमिका के घर वाले पहले से घात लगाए बैठे थे। दोनों को परिवार के लोगों ने रास्ते में ही पकड़ लिया और युवक की जमकर पिटाई की। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना रामगढ़ताल इलाके के गायघाट बुजुर्ग के निषाद टोला की है।पुलिस को दी नामजद तहरीर सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से युवक का मोबाइल बरामद किया है। पुलिस मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। उधर, घटना सूचना मिलते ही युवक के परिजन भी थाने पहुंच गए हैं। परिजनों ने प्रेमिका के पिता सुरेश निषाद, रमेश निषाद सहित 5 अन्य घर वालों के खिलाफ के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी है। इंस्पेक्टर रामगढ़ताल जेएन सिंह ने बताया कि युवक के परिजनों ने तहरीर दी है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
झंगहा इलाके के जीतपुर का रहने वाला लौहर निषाद (27) बाहर रहकर मजदूरी करता था। करीब दो महीने पहले वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने गोरखपुर आया था। 17 जुलाई को उसे अपने चाचा के साथ काम पर वापस मुरेंडा जाना था। टिकट होने के बावजूद वह किसी कारण जाने से इंकार कर दिया। जबकि रामगढ़ताल इलाके के गायघाट बुजुर्ग के निषाद टोला में उसकी रिश्तेदारी है। वह अपने रिश्तेदार के वहां अक्सर जाया करता था।
आरोप है कि गायघाट बुजुर्ग के सुरेश निषाद की बेटी से उसका प्रेम संबंध हो गया। वह उससे फोन पर बात करता था और अक्सर उसके बहाने वह अपने रिश्तेदार के घर भी आता था। आरोप है कि सोमवार की देर रात वह अपनी प्रेमिका को उसके घर से चुपके से लेकर कहीं चला गया। इस बीच युवती के घर वालों को इसकी जानकारी हो गई। परिवार के लोग घर के पास फोरलेन पर ही बैठकर दोनों के वापस आने का इंतजार कर रहे थे। सुबह करीब चार बजे लौहर बाइक से युवती को लेकर वापस पहुंचा। परिवार के लोग लौहर के साथ अपनी बेटी को देख आंख बबूला हो गया। उन्होंने लौहर की पिटाई शुरू कर दी। इस बीच ईट से कूंचकर युवक की हत्या कर दी गई। कुछ ही देर में यह बात गांव में जंगल में आग की तरह फैल गई। परिवार के लोग युवक को जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

