जौनपुर 28 फरवरी 2025 (सू0वि0)- जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी के द्वारा निर्देश दिया गया कि सीडा में जो भी हाई मास्ट लाईटें तथा स्ट्रीट लाइट खराब है, उन्हें 3 दिन के भीतर ठीक कराया जाए। साथ ही सीडा में शीघ्र अति शीघ्र सफाई टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए।
उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि स्वयं की उपस्थिति में सीडा स्थित नाले की सफाई जेसीबी से कराए। सीएम युवा उद्यमी योजना में लोन स्वीकृत न करने पर बैंकों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि बैंक के प्रतिनिधि सुनिश्चित करें कि सभी पात्र युवा उद्यमी को लोन आसानी से स्वीकृत किया जाए । उन्होंने बताया कि मा0 मुख्यमंत्री जी के द्वारा नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है, बैंकों के प्रतिनिधि को सचेत किया कि 03 मार्च तक अपेक्षित सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। बड़ौदा यूपी बैंक द्वारा एवं बैंक आफ बड़ौदा के द्वारा अन्य बैंकों के सापेक्ष अधिक ऋण स्वीकृत वितरण करने पर प्रशंसा करते हुए और अधिक से अधिक आवेदन पत्र पर ऋण स्वीकृत वितरण करने हेतु प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल की भी समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि जनपद में नए नए उद्यम लगाने चाहिए और जनपद का सीडी रेशियों और अधिक बढ़े इसके लिए इच्छुक लोगों को बिना परेशान किए लोन स्वीकृत किए जाएं।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट इन्द्र नंदन सिंह, सहायक प्रबंधक उद्योग जय प्रकाश, एलडीएम, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारीगण सहित अन्य उपस्थित रहे।

