अयोध्या नगर निगम ने सेवा संग आय वृद्धि में भी रचा कीर्तिमान

*अयोध्या नगर निगम ने सेवा संग आय वृद्धि में भी रचा कीर्तिमान*

– कर एवं करेत्तर आय में 1969 लाख रुपये की बढ़ोत्तरी

अयोध्या (डीकेयू लाइफ ब्यूरो चीफ) सुरेंद्र कुमार।
प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेला के चलते राममंदिर दर्शन एवं सरयू स्नान के लिए जनवरी एवं फरवरी माह में अयोध्या पहुंचे करोड़ों श्रद्धालुओं की सेवा के मामले में नगर निगम ने न केवल इतिहास रचा, बल्कि बीते वित्तीय वर्ष में आमदनी वृद्धि के मामले में भी कीर्तिमान स्थापित किया है। कुशल प्रबंधन के चलते आय में बीते वित्तीय वर्ष में कुल 1969 लाख रुपये की वृद्धि दर्ज की है। नगर निगम के इतिहास में पहली बार आय में इतनी बढ़ोतरी हुई है। नगर निगम ने महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम ने सीमित संसाधनों के बावजूद पिछले वित्तीय वर्ष में अयोध्या आए लाखों श्रद्धालुओं को पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, ठहरने के लिए आवास, आवश्यकता अनुसार प्राथमिक उपचार जैसी सेवाओं के मामले में तो मिसाल कायम की ही, आमदनी वृद्धि के मामले में भी रिकॉर्ड बनाने में कामयाब रहा।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में गृहकर, जलकल, सीवेजकर के रूप में 20 करोड़ 34 लाख 82 हजार रुपये की आय हुई थी, जबकि अन्य मद से होने वाली करेत्तर आय 15 करोड़ 80 लाख 31 हजार रुपये थी। इस तरह कुल आय 36 करोड़ 15 लाख 13 हजार रुपये हुई थी। इसके सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2024-25 में नगर निगम की आय बढ़कर 55 करोड़ 84 लाख चार हजार 272 रुपये हो गई। इसमें कर के रूप में प्राप्त धनराशि 27 करोड़ 77 लाख 73 हजार 535 रुपये है, जबकि अन्य तरह से नगर निगम को हुई करेतर आय 28 करोड़ छह लाख 30 हजार 737 रुपये रही।
अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में नगर निगम की आय में 40 फीसदी वृद्धि का लक्ष्य रखा गया था, जिसके सापेक्ष लगभग 65 फ़ीसदी आय में वृद्धि हुई है। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर निगम को आर्थिक रूप से सक्षम में बनाने में कर्मचारियों एवं अधिकारियों की योगदान के लिए सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *