अयोध्या।(डा.अजय तिवारी जिला संवाददाता)जिले के इनायत नगर थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में भीषण बरसात के बीच कच्ची मिट्टी की दीवाल गिरने से मलबे में दबकर 35 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई नाजुक हालत में महिला को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जमुआ गांव निवासी सनी उर्फ वीर बहादुर की 35 वर्षीय पत्नी साधना गुरुवार को प्रात करीब 8:45 बजे घर में ही लगे हैंडपंप से पानी भर रही थी। दो दिनों से हुई बरसात के चलते अचानक कच्ची मिट्टी की दीवार भरभरा कर महिला के ऊपर ही गिर गई। जिसके मलबे में दबकर महिला साधना गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों एवं परिजनों ने आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए सीएचसी मिल्कीपुर पहुंचाया जहां हालत गंभीर देख अस्पताल के डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया जिला अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी पाकर तहसीलदार मिल्कीपुर पल्लवी सिंह मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। तहसीलदार श्रीमती सिंह ने बताया कि कच्ची मिट्टी की दीवार के मलबे में दबकर हुई महिला की मौत के मामले में महिला के शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिलते ही तहसील के दैवीय आपदा पटल राहत कोष से शासन की ओर से अनुमन्य आर्थिक सहायता राहत राशि पीड़ित परिजनों को प्रदान कर दी जाएगी।

