सीएसआईएस विभाग के पूर्व छात्रों ने साझा किए अनुभव, दिए सफलता के मन्त्र
श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय में एलुमिनी टॉक कार्यक्रम का आयोजन
ब्यूरो चीफ लखनऊ
लखनऊ। श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रणाली विभाग द्वारा एक विशेष एलुमिनी टॉक कार्यक्रम का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया गया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों ने अपने कैरियर अनुभव साझा किए और वर्तमान छात्रों को प्रेरित करते हुए उन्हें करियर के विविध विकल्पों व आवश्यक व्यावसायिक कौशल से अवगत कराया।
कार्यक्रम में प्रमुख एलुमिनी के रूप में एमसीए के पूर्व छात्र ने भाग लिया, जो वर्तमान में अमेरिका की कंपनी eXp रियल्टी में हबस्पॉट आर्किटेक्ट के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अमेरिका में टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री में काम करने के अनुभव साझा किए और वैश्विक कंपनियों में सफलतापूर्वक कार्य करने के लिए आवश्यक स्किल्स पर विशेष सुझाव दिए।बीसीए की पूर्व छात्रा, जो वर्तमान में आईबीएम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं, ने अपने संघर्ष, आत्मविश्वास और करियर निर्माण के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।बीएससी (आईटी) के पूर्व छात्र, जो सिस्को में टेक्निकल कंसल्टिंग इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, ने तकनीकी परियोजनाओं पर काम करने के अनुभव के साथ नेटवर्किंग और प्रोफेशनल स्किल्स के महत्व पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम का समापन कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रणाली विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. बिनीत कुमार गुप्ता द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होते हैं। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे,जिससे छात्र अपने कैरियर विकल्पों को सशक्त रूप से पहचान सकें और तकनीकी इंडस्ट्री के नवीनतम रुझानों से अवगत हो सकें।इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के डायरेक्टर प्रो. अपूर्व आनंद ने कहा कि पूर्व छात्र विश्वविद्यालय में पुल का कार्य करते हैं, जो नए छात्रों के लिए प्रेरणा देने का कार्य करते हैं।कार्यक्रम का संयोजन छात्र प्रखर सिंह और प्रतीक सिंह ने किया। इस आयोजन में छात्रों ने बड़ी उत्सुकता के साथ भाग लिया और एलुमिनी से सवाल पूछकर अपने संदेह दूर किए।

