मिशन शक्ति से महिलाओं बेटियों में बढेगी सुरक्षा और सम्मान की भावना : विनीत जायसवाल
गोंडा।
शारदीय नवरात्र से शुरुआत हुए मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य प्रदेश में महिलाओं, युवतियों, बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण सुनिश्चित करना है।
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के ललिता शास्त्री सभागार में छात्रों को सम्बोधित करते हुए विनीत जायसवाल, पुलिस अधीक्षक ने उक्त विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पुलिस फुट पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारी फील्ड में जाकर लोगों से संवाद करेंगे और महिला पुलिस अधिकारी द्वारा अपनी बीट के गांव, नगर-वार्डो में जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करेंगी। उन्होंने जानकारी दी कि मिशन शक्ति केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने का एक व्यापक सामाजिक अभियान है। प्रदेश की हर बेटी को सुरक्षा एवं सम्मान का भरोसा दिलाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि एंटी रोमियो स्क्वायड को और अधिक सक्रिय करते हुए शोहदों के विरुद्ध ऐसी कार्यवाही की जाएगी कि वे अपराध करने का साहस नहीं कर सकेंगे। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आप अपनी सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन 1090 बेहिचक इस्तेमाल करें।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रवीन्द्र कुमार ने कहा कि शिक्षा महिला सशक्तीकरण का प्रथम और मूलभूत साधन है। शिक्षित महिला में आत्मविश्वास और आत्मसम्मान बढ़ता और आत्मनिर्भरता का भाव आता है।
और आत्मनिर्भर होने पर उसमें आत्मसम्मान और अधिक बढ़ जाता है।
कॉलेज में मिशन शक्ति की समन्वयक कार्यक्रम-संचालिका डॉ. चमन कौर ने पुलिस के सम्मान में “मैं खाकी वर्दी वाला हूं, देश का रखवाला हूं” कविता प्रस्तुत की एवं मिशन शक्ति 5.0 की कार्ययोजना को विस्तृत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक द्वारा मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।
महाविद्यालय की मुख्य नियंता प्रो अमन चंद्रा ने आगत अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में डॉ. ममता शुक्ला, डॉ. मुक्ता टंडन, डॉ मनीषा पाल, पिंकी शुक्ला आदि छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *