*जौनपुर में सुशासन सप्ताह का भव्य समापन, मा० राज्यमंत्री श्री गिरीश चन्द्र यादव जी व मा0 राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी के नेतृत्व में हुआ संपन्न*
*भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर सुशासन का संकल्प, कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम*
*सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन, विभागीय स्टॉलों के माध्यम से आमजन को मिली जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी*
*दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरण व विद्यार्थियों का सम्मान, सुशासन सप्ताह में सामाजिक सरोकारों को मिली प्राथमिकता*
*‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में प्रेरक आयोजन, अटल जी के विचारों को आत्मसात करने का किया गया आह्वान*
जौनपुर, 25 दिसम्बर 2025 (सू०वि०)- शासन के निर्देश के क्रम में 19 से 25 दिसम्बर 2025 तक आयोजित सुशासन सप्ताह के समापन दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्रेक्षागृह में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा0 राज्यमंत्री, (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश श्री गिरीश चन्द्र यादव जी एव मा० राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी जी की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मा0 राज्यमंत्री जी द्वारा माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के चित्रों से सुसज्जित सेल्फी प्वाइंट का फीता काटकर उद्घाटन किया गया तथा स्वयं सेल्फी लेकर आमजन को सुशासन के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया गया।
इसके उपरान्त उन्होंने महिला कल्याण विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, भूमि संरक्षण, बेसिक शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, आयुष स्वास्थ्य शिविर, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, सहकारिता विभाग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करते हुए योजनाओं की जानकारी ली।
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिवस के अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र द्वारा माननीय राज्यमंत्री जी, मा० राज्यसभा सांसद जी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्या, जिलाध्यक्ष मछलीशहर डॉ0 अजय सिंह को पुष्पगुच्छ, स्मृतिचिन्ह भेंट कर एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर स्वागत किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी गई।
माननीय राज्यमंत्री जी द्वारा सामाजिक सरोकार के अंतर्गत 05 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया।
मा० राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी जी ने अपने भावपूर्ण संबोधन में भारत रत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी जी को नमन करते हुए कहा कि मा० अटल बिहारी बाजपेयी जी केवल प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि एक महान विचारक, कवि, साहित्यकार और राष्ट्रनिर्माता थे। उनका व्यक्तित्व इतना विराट था कि शब्दों में उनका सम्पूर्ण वर्णन कर पाना कठिन है।
उन्होंने मा० अटल जी से जुड़ी अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि अटल जी में सरलता, आत्मीयता और जनसरोकारों के प्रति गहरी संवेदना थी। प्रधानमंत्री होते हुए भी उनका व्यवहार अत्यंत सहज और विनम्र था।
उन्होंने कहा कि मा० अटल जी की राजनीति मूल्यों, मर्यादाओं और शुचिता पर आधारित थी। वे अजातशत्रु थे और विरोधी भी उनके व्यक्तित्व की सराहना किए बिना नहीं रह पाते थे। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों से “विकसित भारत” के सपने को साकार करने की झलक मिलती है और वर्ष 2047 तक भारत निश्चित रूप से एक विकसित राष्ट्र बनेगा।
उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अटल जी की नीति, विवेक, विचार और जीवन मूल्यों को अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मा० राज्यमंत्री स्वतन्त्र प्रभार खेल एवम युवा कल्याण विभाग श्री गिरीश चन्द्र यादव जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत रत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी जी देश के महान नेता, कवि, साहित्यकार एवं कुशल प्रशासक थे। उन्होंने कहा कि अटल जी ने देश को परमाणु शक्ति सम्पन्न बनाकर विश्व मंच पर भारत की सशक्त पहचान स्थापित की। उन्होंने स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अंत्योदय योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड जैसी ऐतिहासिक पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने देश के विकास की मजबूत नींव रखी।
मा० राज्यमंत्री जी ने कहा कि अटल जी की राजनीति में कोई भेदभाव नहीं था, उनकी सोच सर्वसमावेशी थी। आज देश में सुशासन की जो अवधारणा साकार हो रही है, वह मा० अटल जी की दूरदृष्टि का ही परिणाम है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा सुशासन सप्ताह के सफल आयोजन की सराहना की।
जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चन्द्र ने कहा कि मा० पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने सुशासन को अपने जीवन का आधार बनाया और कभी भी मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं किया। उन्होंने कहा कि सुशासन सप्ताह के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा नागरिक सेवाओं की ऑनलाइन डिलीवरी, जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र, वरासत, आय प्रमाण पत्र सहित अन्य सेवाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया गया। उन्होंने बताया कि मा० अटल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरित होकर जनपद में लेखन प्रतियोगिता, पेंटिंग, कविता पाठ एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में आदिति गिरी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर रू० 51,000 की पुरस्कार राशि अर्जित की। कक्षा 9 से 12 की चित्रकला प्रतियोगिता में कशिश यादव (जनक कुमारी इंटर कॉलेज, हुसैनाबाद ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रू० 21,000 की धनराशि प्राप्त की। जिज्ञासा विश्वकर्मा (हरगोविंद इंटर कॉलेज, जफराबाद ने तृतीय स्थान प्राप्त कर रू० 11,000 की पुरस्कार राशि प्राप्त की।
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद चित्रकला प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को धनराशि प्रदान की गई जिसमें प्रथम स्थान अदिति गिरी कक्षा 11 उमानाथ सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल, द्वितीय स्थान कशिश यादव कक्षा 10 जनक कुमारी इंटर कॉलेज हुसैनाबाद एवं तृतीय स्थान जिज्ञासा विश्वकर्मा कक्षा 12 हरगोविंद इंटर कॉलेज जाफराबाद में प्राप्त किया। इसी प्रकार स्नातक परास्नातक वर्ग में कृषधा सिंह जानकी रामपाल पीजी कॉलेज भन्नौर, द्वितीय स्थान अनिकेत यादव तिलकधारी पीजी कॉलेज जौनपुर, तृतीय स्थान कीर्ति निषाद तिलकधारी पीजी कॉलेज जौनपुर ने प्राप्त किया। सामान्य वर्ग में शांभवी श्रीवास्तव माउंट लिट्रा जी स्कूल फतेहगंज ने प्रथम स्थान, नवीन कुमार विश्वकर्मा उमानाथ सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल द्वितीय स्थान, कौशिकी श्रीवास्तव चांदमारी कन्हईपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समस्त प्रतिभागियों को उनके बैंक खाते में धनराशि प्रदान की गई।
इस दौरान जनपद में सराहनीय कार्यकाल के लिए अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 राम अक्षयबर चौहान को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मा0 राज्यमंत्रीजी और जिलाधिकारी द्वारा वंचित और गरीब लोगों में बढ़ती ठंड के दृष्टिगत कंबल वितरित किया गया।
इस दौरान लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को भी देखा गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी द्वव्य राम अक्षयबर चौहान, अजय अम्बष्ट, पी डी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारीगण जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

