ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा :ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के जगनपुर गांव में बारात के दौरान बड़ा बवाल हो गया। कई गाड़ियों में सवार होकर आए 30–40 लोगों ने लाठी-डंडों, फरसों और राइफल से बारात पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में एक ही परिवार के 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने मौके पर 20 से 25 राउंड फायरिंग भी की।
घायलों को तत्काल ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज आईसीयू में चल रहा है। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष जगनपुर गांव के ही रहने वाले हैं और उनके बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। करीब तीन महीने पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है और मामले की जांच जारी है।

