मैत्री क्रिकेट मैच में जर्नलिस्ट टीम का दबदबा, जलालपुर पुलिस 62 रन से पराजित

मैत्री क्रिकेट मैच में जर्नलिस्ट टीम का दबदबा, जलालपुर पुलिस 62 रन से पराजित

 

जौनपुर। खेल के मैदान पर सौहार्द, भाईचारे और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की मिसाल उस समय देखने को मिली, जब पराऊगंज स्थित एक स्कूल के मैदान पर जर्नलिस्ट क्रिकेट टीम और जलालपुर पुलिस टीम के बीच मैत्री क्रिकेट मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में जर्नलिस्ट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जलालपुर पुलिस को 62 रनों से शिकस्त दी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला जर्नलिस्ट टीम के कप्तान राजन मिश्रा ने लिया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। 12 ओवर के इस मुकाबले में पत्रकारों की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मात्र दो विकेट के नुकसान पर 240 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

ओपनिंग बल्लेबाज शिवम उपाध्याय हरिया और सरस सिंह ने पुलिस के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। शिवम उपाध्याय हरिया ने शानदार शतक जड़ते हुए 105 रन बनाए, जबकि सरस सिंह ने भी विस्फोटक अंदाज़ में 100 रनों की पारी खेली। आलोक सिंह ने नाबाद 32 रनों का योगदान दिया। टीम को 3 रन अतिरिक्त के रूप में प्राप्त हुए।

240 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महेंद्र यादव की कप्तानी वाली जलालपुर पुलिस टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। संजय प्रजापति ने एक छोर से संघर्ष करते हुए 90 रनों की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। निर्धारित 12 ओवर में पुलिस टीम 8 विकेट के नुकसान पर 178 रन ही बना सकी।

गेंदबाजी में जर्नलिस्ट टीम की ओर से आलोक सिंह ने 3 विकेट झटके। शिवम उपाध्याय हरिया और इमरान अब्बास को 2-2 विकेट मिले, जबकि सुशील तिवारी ने 1 विकेट हासिल किया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शिवम उपाध्याय हरिया को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मैच के दौरान अंकित जायसवाल की रोचक और जीवंत कमेंट्री ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में कोच मोहम्मद अब्बास, संरक्षक पंकज भूषण मिश्रा तथा प्रभारी निरीक्षक जलालपुर गजानंद चौबे ने दोनों टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

जर्नलिस्ट क्रिकेट टीम में अजीत सिंह, देवेंद्र खरे, सुशील तिवारी, राजन मिश्रा, आलोक सिंह, मसूद अहमद, इमरान अब्बास, शिवम उपाध्याय हरिया, शिवेंद्र प्रताप सिंह ‘काजू’, सरस सिंह, विवेक सिंह और अरशद अब्बास शामिल रहे।

वहीं जलालपुर पुलिस टीम की ओर से महेंद्र यादव, संतोष मिश्रा, अरविंद कुमार, रजत पांडेय, अमन कुमार, अजीत कुमार, धीरेन्द्र निषाद, अभिषेक शर्मा, सुरेश सिंह, संजय प्रजापति और सरफराज कर्णधीर पाल ने सहभागिता निभाई।

मैच के दौरान पत्रकार संतोष राय और प्रदीप सिंह की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। यह मैत्री मुकाबला खेल के माध्यम से आपसी सहयोग, सौहार्द और सकारात्मक संबंधों का प्रतीक बनकर

सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *