*साइबर ठगी का शिकार हुआ डीएससीएल का एक कर्मचारी,1.58 लाख उड़े*
*पाली-(हरदोई)* कस्बा पाली में साइबर अपराधियों ने बुधवार को डीएससीएल शुगर मिल में कार्यरत एक कर्मचारी को अपना शिकार बना लिया। चीनी मिल कर्मचारी कृष्णा प्रसाद राय के अलग-अलग दो बैंक खातों से साइबर ठगों ने 1.58 लाख रुपये उड़ा दिये। घटना 04 फरवरी की है। जानकारी के मुताबिक कृष्णा प्रसाद राय के पास बुधवार में दोपहर को उनके किसी मित्र के नाम से साइबर ठग का फोन आया।फोन पर ठग मित्र ने बताया कि मेरी माता जी लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। तकनीकी समस्या के कारण मेरे मोबाइल से लेनदेन हो नहीं पा रहा है। मुझे माता जी के इलाज के लिए अस्पताल में तुरंत पैसा जमा करना है। मैं रुपये आपके खाते में भेज रहा हूँ और आप मेरे द्वारा भेजे गए रुपयों को उक्त मोबाइल नंबर पर सेंड कर दें। और उसने अपना मोबाइल नंबर सेंड कर दिया। बातचीत के दौरान साइबर ठग ने लगभग 1.50 लाख रुपयों के फर्जी मैसेज कृष्णा प्रसाद राय के मोबाइल नंबर पर भेज दिये। कृष्णा प्रसाद राय ने समझा कि मेरे मित्र ने मेरे खाते में रुपये भेज दिये हैं। साइबर ठग द्वारा भेजे गए रुपयों के मैसेज भी कृष्णा प्रसाद राय के मोबाइल नंबर पर आ गए। कृष्णा प्रसाद राय ने अपने मोबाइल पर ठग मित्र द्वारा भेजे हुए रुपयों के मैसेज को देखकर अपने मोबाइल से चार बार में रुपये ठग मित्र के खाते में ट्रांसफर कर दिये। कृष्णा प्रसाद राय ने बताया कि मैंने अपने मोबाइल पर खाते में क्रेडिट का मैसेज तो देखा लेकिन अपना बैलेंस चेक नहीं किया। लेकिन जब बैलेंस चेक किया तब तक काफी देर हो चुकी थी।उनका कहना है कि बस यही सबसे बड़ी भूल हुई। दो खातों से 1.58 लाख रुपये की ठगी से पूरा परिवार काफी दुःखी है। साइबर ठगी से पीड़ित परिवार द्वारा सूचना पाली थाना पुलिस को दे दी गई है।

