क्षतिग्रस्त पटिया बदलने एवं पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए महापौर ने दिये निर्देश
अयोध्या।’नगर की सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत महापौर गिरीश पति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार ने अमानीगंज वार्ड का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने होलिका दहन स्थल पर पार्क बनवाने एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगवाने पर सहमति जताई।सुबह के लगभग पौने आठ बजे महापौर व नगर आयुक्त अमानीगंज वार्ड के बहादुरगंज स्थित पीपल के पेड़ के पास पहुंचे तो पार्षद प्रतिनिधि सुनील यादव ने स्थानीय नागरिकों के साथ उनका स्वागत किया। यहां स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री आवास दिलाने की मांग की। महापौर ने अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ को नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) से समन्वय स्थापित कर आवास दिलाने का निर्देश दिया। थोड़ा आगे बढ़ने पर सेवानिवृत्त कैप्टन डीके उपाध्याय ने निर्माणाधीन साहबगंज नाले से छोटे नाले-नालियों को जोड़ने की मांग उठाई। महापौर ने आर्यावर्त अकादमी के पास नाला तक जाकर स्थिति का अवलोकन किया और सहायक अभियंता राजपति यादव को अयोध्या विकास प्राधिकरण से संपर्क कर लोगों की जरूरत को देखते हुए नालियों को नाले से लिंक करने का निर्देश दिया। उन्होंने यहां गंदगी देखने पर नाराजगी जताई और कूड़ा हटवा कर सफाई कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान वृद्ध ज्ञानमती ने पेंशन की मांग की तो वहीं कई जगह गंदगी देखकर महापौर ने गोबर हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने क्रॉसिंग एवं नालियों पर टूटी हुई पटिया ठीक करने का भरोसा दिया। उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर नाला निर्माण के चलते घरों के सामने जल भराव को देखकर नाराजगी जताई। पठान टोलिया के पास बिजली का खंभा टेढ़ा होने पर नगर आयुक्त ने संबंधित विभाग को खंभा बदलवाने का निर्देश दिया।नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि पार्षद सुमन यादव के आग्रह पर होलिका दहन स्थल पर छोटे-छोटे पार्क बनवाने झूला एवं स्लाइड लगवाने के साथ ही बाबा साहब की प्रतिमा लगवाने का वादा किया। पठान टोलियां में आराध्या गौतम ने पेयजल समस्या की ओर महापौर का ध्यानाकर्षण कराया। वार्ड में शौचालय बंद होने को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक जलकर सौरव श्रीवास्तव, निर्माण खंड के सहायक अभियंता राजपति यादव, भाजपा के मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, धनंजय सिंह, दीपक पांडे, रामचंद्र शर्मा आदि थे।जांच में शुद्ध पाया गया पेयजल महापौर ने भ्रमण के दौरान लोगों के घरों में सप्लाई हो रहे पेयजल की जांच कराई। पानी का टीडीएस 450 पाया गया। इसके साथ ही जल जनित रोगों की रोकथाम के लिए अवशेष क्लोरीन भी पानी में पाया गया। इस दौरान मच्छरों से बचाव के लिए फागिंग का कार्य भी चल रहा था। इस पर नगर आयुक्त ने संतोष जताया
।

