नोएडा के सेक्टर 49 में पीएनबी बैंक के पांच वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ करोड़ों की संपत्ति हड़पने के मामले में हुआ मुकदमा दर्ज

नोएडा : नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के पांच वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने की कथित साजिश के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई होटल कारोबारी अनिल बब्बर की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद की गई है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अनिल बब्बर (66), निवासी सेक्टर-47 नोएडा, ने आरोप लगाया है कि बैंक अधिकारियों ने आपराधिक साजिश के तहत करीब 60 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति को हड़पने का प्रयास किया। अदालत के निर्देश पर थाना सेक्टर-49 पुलिस ने शनिवार रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि जिन अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, उनमें पीएनबी के क्षेत्रीय प्रमुख रविंद्र कुमार पांडे, क्षेत्रीय प्रबंधक प्रिया रंजन, शाखा प्रबंधक नरेंद्र सिंह बिष्ट, जोनल हेड एस.एन. दुबे और एमसीसी हेड मनीष कश्यप शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ तत्कालीन भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश), 420 (धोखाधड़ी), 467, 468, 471 (जालसाजी से संबंधित धाराएं) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *