कमिश्नर ने डीएम के साथ रुदौली तहसील व विकास खण्ड के निरीक्षण मे मिली खामियों से पेशकार निलंबित
(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)
अयोध्या।कमिश्नर राजेश कुमार ने डीएम निखिल टीकाराम फुंडे के साथ गुरुवार को रुदौली तहसील परिसर का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों का बारीकी से अवलोकन किया तथा रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों, पत्रावलियों एवं संबंधित रजिस्टरों की जांच की।उन्होंने तहसील परिसर में साफ सफाई के साथ पेयजल की व्यवस्था कराने,अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश भी उप जिलाधिकारी संतोष कुमार को दिए। परिसर निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने एक बुजुर्ग महिला की समस्या भी सुनीं उन्होंने संबंधित को निर्देश दिया इनकी समस्या का तत्काल निस्तारण कराया जाए।तहसील न्यायिक की पत्रावलियों के अवलोकन के दौरान अनियमितता पाए जाने पर मंडलायुक्त ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पेशकार राघवेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही एवं अनियमितता किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी तथा अभिलेखों का सुव्यवस्थित एवं अद्यतन संधारण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने विकास खण्ड रुदौली का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। साथ ही जनता से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित हैचरी केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।इस अवसर पर सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह,अपर आयुक्त अजय कांत सैनी, जिला विकास अधिकारी महेंद्र देव सिंह, खण्ड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

