बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 206 केंद्रों पर होगी परीक्षा, नकलविहीन संपादन के जिलाधिकारी ने दिया निर्देश
परीक्षा की निगरानी के लिए 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात होगे
जौनपुर, 12 फरवरी। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के संगोष्ठी भवन में गुरुवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक संचालित होगी। जनपद में कुल 206 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल में 77,042 तथा इंटरमीडिएट में 77,080 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षा की सुचारु निगरानी के लिए 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त रिजर्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए विभागीय कंट्रोल रूम नंबर 7905471191 एवं 9451962481 जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को प्रश्नपत्रों की गोपनीयता अक्षुण्ण रखने, परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने आवंटित केंद्रों पर समय से उपस्थित रहकर परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार परीक्षा पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव, विवेक कुमार सहित सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

