शीतला चौकिया धाम के सुंदरीकरण का कार्य शुरू, छह करोड़ की लागत से बदलेगा स्वरूप

शीतला चौकिया धाम के सुंदरीकरण का कार्य शुरू, छह करोड़ की लागत से बदलेगा स्वरूप
जौनपुर, 12 फरवरी ।यूपी के जौनपुर स्थित पूर्वांचल में आस्था का प्रमुख केंद्र मां शीतला चौकिया धाम अब धार्मिक स्थल के साथ-साथ पर्यटन के रूप में भी विकसित किया जाएगा। पर्यटन विभाग ने लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर के सुंदरीकरण कार्य की शुरुआत गुरुवार से कर दी।
गुरुवार को मंदिर प्रांगण के बरामदे पर लगे टीनशेड को श्रमिकों द्वारा हटाया गया। इसके बाद बरामदे को तोड़कर उसे नव्य और भव्य स्वरूप दिया जाएगा। मंदिर के मुख्य द्वार को नए डिज़ाइन में निर्मित किया जाएगा, जिस पर मां शीतला की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जाएगी। द्वार के दोनों ओर भी मां शीतला के चित्र लगाए जाएंगे, जबकि प्रवेश द्वार पर प्रथम पूज्य भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित की जाएगी।
पर्यटन विभाग द्वारा तैयार नक्शे के अनुरूप पूरे परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे मंदिर का अग्रभाग अधिक स्पष्ट, भव्य और आकर्षक दिखाई देगा। मंदिर के पीछे स्थित सरोवर में दो नए फव्वारे लगाए जाएंगे तथा पूर्व से स्थापित एक फव्वारे की मरम्मत कर उसे पुनः संचालित किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने हेतु सीटिंग एरिया विकसित किया जाएगा। सरोवर के चारों ओर तथा दीवारों पर आध्यात्मिक चित्रों एवं डिजाइनिंग स्टोन की आकर्षक सज्जा की जाएगी। धाम की गलियों में इंटरलॉकिंग द्वारा सीसी मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही एक शुलभ शौचालय और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए मंच का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसके लिए स्थान चिन्हित किया जाएगा।
परिसर में दो नए प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे। एक प्रवेश द्वार शाहगंज मार्ग की ओर तथा दूसरा पचहटिया-शीतला चौकिया मार्ग पर विकसित किया जाएगा। सुंदरीकरण कार्य प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। उम्मीद जताई जा रही है कि कार्य पूर्ण होने के बाद शीतला चौकिया धाम धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन मानचित्र पर भी अपनी विशेष पहचान बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *