गोरखपुर : मंगलवार को वाहन चेकिंग कर रहे सिपाहियों पर बाइक सवार भाजपा नेता के बेटे की पिटाई कर सिर फोड़ने का आरोप लगा है। घटना के बाद जुटे स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर शांत हुए। घटना तिवारीपुर के सूर्यकुंड की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक ने खुद ही अपना सिर फोड़ा है।
सादे कपड़े में सिपाहियों ने रोक लिया
सूर्यकुंड में सब्जी मंडी के पास रहने वाली भाजपा नेता लीला पांडेय का 20 वर्षीय बेटा शिवांश मंगलवार की शाम अपने दोस्तों के साथ बाइक से चौराहे पर जा रहा था। आरोप है कि सादे कपड़े में खड़े सिपाहियों ने उसे रोक लिया। युवकों का आरोप है कि रुकते ही सिपाही गाली देने लगे। विरोध करने पर शिवांश की पिटाई कर दी, जिसमें उसका सिर फट गया।
शिवांश के सूचना देने पर पहुंचे परिवार के लोगों ने विरोध शुरू किया तो सिपाही पुलिस चौकी की तरफ चले गए। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने परिवारवालों के साथ कार्रवाई की मांग करते हुए सूर्यकुंड ओवरब्रिज पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी होने पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने समझाकर शांत कराया। सीओ कोतवाली विपुल सिंह ने बताया कि आरोप की जांच चल रही है। घायल हुए युवक की आम सोहरत ठीक नहीं है।
पुलिसवालों ने बताई अपनी कहानी
पुलिस कर्मियों का कहना है कि 5 बाइक पर तीन-तीन लोग सवार थे। वह सूरजकुंड चौराहे पर ओवरब्रिज के नीचे आए। पुलिसकर्मी चेकिंग कर रहे थे। पुलिसवालों ने बाइक रोकी और पेपर मांगा तो युवकों ने कहा पेपर नहीं और पुलिसवालों से उलझ गए। उनकी हरकत देखक एक सिपाही ने थप्पड़ मार दिया। इसके बाद युवक ने पल्सर बाइक और फिर अंडे के ठेले पर सिर मार कर फोड़ लिया ओर आरोप लगाया कि पुलिस ने लाठी से मारकर सिर फोड़ दिया है। कुछ देर बाद युवक की एक वीडियो भी पुलिस के समाने आई।

