हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू
जौनपुर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की वर्ष 2024 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू होगा। यह कार्य 1 अप्रैल तक चलेगा। मूल्यांकन प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती में पूरी की जाएगी।
प्रत्येक मूल्यांकन केंद्र पर जिलाधिकारी स्तर से स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएंगे। मूल्यांकन की निगरानी के लिए एक पर्यवेक्षक भी तैनात होगा। पूरा मूल्यांकन कार्य वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न होगा। सभी केंद्रों को जनपद स्तरीय और राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी को शुरू हुई थीं और 12 मार्च को समाप्त होंगी। बोर्ड ने परीक्षाओं के समापन से पहले ही मूल्यांकन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मूल्यांकन केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात रहेगा। केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 189 लागू की जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर मूल्यांकन अवधि के दौरान चार सशस्त्र पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। मूल्यांकन कार्य समाप्त होने के बाद, उत्तर पुस्तिकाओं के बंडलों को परिषद के क्षेत्रीय कार्यालयों तक पहुंचाने वाले प्रत्येक ट्रक के साथ दो सशस्त्र पुलिसकर्मी भी तैनात किए जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने इस संबंध में मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर दिया है। मूल्यांकन शुरू होने से एक घंटे पहले स्टेटिक मजिस्ट्रेट को केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। मूल्यांकन केंद्रों पर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और उत्तर पुस्तिकाओं का सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।
जिले में बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पांच केंद्रों पर किया जाएगा। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज नगर और राजा श्रीकृष्ण दत्त इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। जनक कुमारी इंटर कॉलेज हुसैनाबाद और शिया इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। बीआरपी इंटर कॉलेज केंद्र पर मिश्रित उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें पत्र मिल गया है और मूल्यांकन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

