आद्य सरसंघचालक प्रणाम से प्रारम्भ होगा कार्यक्रम का शुभारम्भ
(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ)
अयोध्या।वर्ष प्रतिपदा पर कल श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में कार्यक्रम से पूर्व आमंत्रित अतिथियों के आवास के आसपास नववर्ष के प्रथम दिवस स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण होगा।संघ की शाखा लगेगी तथा ध्वज प्रणाम के साथ ही आद्य सरसंघचालक प्रणाम किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक के सम्मान और स्मृति में यह प्रणाम किया जाता है।आमंत्रित प्रतिष्ठितजनों के लिए आठ स्थानों पर भोजनालय की व्यवस्था की गई है। प्रवेश के लिए मुख्यतः दो द्वारों बिड़ला धर्मशाला के सामने और रंग महल बैरियर निर्धारित किया गया है।यह जानकारी आज कारसेवक पुरम की भरतकुटी में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चम्पतराय ने कुछ पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर के रूप में दी।उन्होंने आवासीय प्रबंध के सम्बन्ध में भी विस्तार से बताया। मन्दिर से पूर्व दिशा में पूर्वी उत्तर प्रदेश के विशिष्ट अभ्यागतजन रुकेंगे तथा मन्दिर के आसपास रामघाट,दोराही कुंआ आदि क्षेत्र में उत्तराखंड, मेरठ व ब्रज प्रांत के आमंत्रितजनों की आवासीय व्यवस्था की गई है। बाहर से बसों से आने वाले निर्माण सहयोगियों के ठहरने का प्रबंध चूड़ामणि चौराहे के आस पास तथा तीर्थ क्षेत्र पुरम में किया गया है।उन्होंने यह भी बताया कि मां अमृतानंदमयी अपने 1100 से अधिक भक्तों के साथ पधार चुकी हैं।मन्दिर आंदोलन और निधि संकलन में दायित्व निभाने वाले कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में बुलाए गए हैं। स्थानाभाव के कारण अनेक कार्यकर्ताओं को नहीं आमंत्रित किया जा सका है।महासचिव ने यह भी बताया कि अधिकतम दस बजे तक प्रवेश मिलेगा तथा पौने दो बजे तक कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद आमन्त्रितजनों को दर्शन कराया जाएगा। इस दिन के लिए विशेष दर्शन पास नहीं बनेगा लेकिन सामान्य दर्शन चलता रहेगा। नवरात्रि से ही दर्शन की समयावधि भी बढ़ायी जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि आमंत्रितजन प्रवेश से पूर्व जलपान/भोजन आवासीय स्थान से कर के आएंगे और वापस जाने पर भी कर सकेंगे।कार्यक्रम स्थल पर भी अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। व्रत रखने वालों का विशेष ध्यान रखा गया है।महासचिव ने यह भी कहा कि जो चाहें उसी दिन अन्यथा ठहरकर अगले दिन जा सकते हैं।

