‘शहीद भगत सिंह संदेश’पुस्तिका का ईद मिलन में हुआ विमोचन
(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ)
अयोध्या।जनवादी लेखक संघ के तत्वावधान में शायर मुजम्मिल फ़िदा के आवास पर आयोजित ईद मिलन के मौके पर ‘शहीद भगत सिंह संदेश’ पुस्तिका का विमोचन वरिष्ठ साहित्यकारों द्वारा किया गया।इस पुस्तिका का प्रकाशन शहीद भगत सिंह स्मृति ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क वितरण के लिए किया गया है।मालूम हो कि 23 मार्च को शहीद भगत सिंह का बलिदान दिवस है।इस अवसर पर वरिष्ठ आलोचक डॉ रघुवंशमणि ने शहीद भगत सिंह की वैचारिक परिपक्वता और उनकी विचारधारा को रेखांकित किया।कवि प्राध्यापक डॉ विशाल श्रीवास्तव ने कहा कि एक क्रांतिकारी के रूप में भगत सिंह युवाओं के लिए सदैव एक अमर प्रेरणा के रूप में मौजूद रहेंगे। चिंतक आर डी आनंद और आशाराम जागरथ ने मौजूदा समय में भगत सिंह के विचारों की ज़रूरत पर बल दिया।इस अवसर पर शायर एडवोकेट रामजीत यादव बेदार की अध्यक्षता में एक कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया।इस मौके पर कवि डॉ नीरज सिन्हा नीर के संचालन में हुई कवि गोष्ठी में चिंतक कवि आर डी आनंद, मुज़म्मिल फ़िदा, आशाराम जागरथ, एडवोकेट राजीव श्रीवास्तव, सत्यभान सिंह, विनीता कुशवाहा, अखिलेश सिंह, राम दुलारे बौद्ध, संदीपा दीक्षित, इक़बाल ख़ान, मुजीब ख़ान, महावीर, खालिद सहित कई कवियों-शायरों ने अपनी कविताओं की प्रस्तुति की। कार्यक्रम में धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सत्यभान सिंह जनवादी ने शहीद भगत सिंह की शहादत पर 23 मार्च को नगर निगम में होने वाले कार्यक्रम का परिचय देते हुए बड़ी संख्या में सम्मिलित होने का आह्वान किया।

