समाधान दिवस मे अधिशाषी अभियंता विद्युत के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने वेतन काटने के दिये निर्देश
(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ)
अयोध्या।जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील सोहावल में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे एवं एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर की संयुक्त अध्यक्षता में जनता की शिकायतें सुनी गईं।इस मौके पर अधिशाषी अभियंता विद्युत अनुपस्थित रहे जिस पर डीएम ने सख्त नाराजगी जताते हुए उनका वेतन काटने के निर्देश दिये।इस अवसर पर डीएम ने समाधान में आए फरियादियों से उनकी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल शिकायत प्राप्त करना नहीं,बल्कि उनका संतोषजनक समाधान करना मुख्य प्राथमिकता की श्रेणी मे रखे।इस मौके पर एसएसपी डाक्टर गौरव ग्रोवर ने वहां पर आये फरियादियों की सुरक्षा से संबंधित शिकायतें सुनी और उसके शीघ्र निस्तारण के लिये सीओ सदर अरविन्द सोनकर को दिये।इस मौके पर राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, विद्युत, जल निगम सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।जिनमें प्रमुख रूप से भूमि विवाद,अवैध कब्जा, पेंशन, राशन कार्ड, विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल समस्याएं शामिल रहीं।जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को कई प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र निपटारे हेतु समयसीमा निर्धारित की।डीएम ने निर्देश दिया कि जिन जमीनी विवादों में संयुक्त टीम की आवश्यकता है वहां राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर समस्या का निस्तारण कराया जाये।निस्तारण कराते समय ध्यान रहे कि वहां पर दोनों पक्षों की बातें अवश्य सुनीं जाये।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सभी विभागीय अधिकारी जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।इस मौके पर सीएमओ देवेंद्र कुमार भटौरिया,एसडीएम सोहावल सविता राजपूत,सीओ सदर अरविंद सोनकर,परियोजना निदेशक गिरीश कुमार पाठक,तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।

