नोएडा स्पोर्ट्स सिटी प्रोजेक्ट्स को मिली बड़ी राहत, लगभग चालीस हजार खरीदारों को हो सकता है फायदा

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा प्राधिकरण की 222वीं बोर्ड बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए स्पोर्ट्स सिटी के चार भूखंडों की 84 परियोजनाओं से रोक हटा दी गई है। इससे करीब 40 हजार फ्लैट खरीदारों के लिए निर्माण और रजिस्ट्री का रास्ता साफ हो गया है।
प्राधिकरण के अनुसार, बिल्डरों को बकाया राशि का 20% तुरंत और शेष 80% तीन साल में जमा करना होगा, जिसके बाद रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही, संशोधित लेआउट प्लान केवल उन्हीं परियोजनाओं का मंजूर होगा जो खेल सुविधाओं के विकास की स्पष्ट योजना प्रस्तुत करेंगे।
सेक्टर-150 के एससी-02 भूखंड में 70% क्षेत्र हरित व खुला रखा जाएगा, जबकि 30% पर ही निर्माण होगा। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
गौरतलब है कि 2021 में खेल सुविधाएं विकसित न करने और अनियमितताओं के कारण इन परियोजनाओं पर रोक लगाई गई थी। अब नए नियमों के तहत पहले खेल सुविधाएं विकसित करना अनिवार्य किया गया है।
इस निर्णय से लंबे समय से इंतजार कर रहे खरीदारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *