गाजियाबाद में स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर हुई समीक्षा बैठक , उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं पर त्वरित समाधान के दिये गए निर्देश

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ रिया केजरीवाल ने बुधवार को समीक्षा बैठक कर स्मार्ट मीटर और ऊर्ध्वाधर प्रणाली (वर्टिकल सिस्टम) की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान पर विशेष जोर दिया।
बैठक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कविनगर स्थित स्काडा (SCADA) सेंटर में आयोजित की गई, जहां उन्होंने अधिकारियों से नई प्रणाली के लाभ और उसके प्रभाव के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिल जमा होने के दो घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। साथ ही, निगेटिव बैलेंस की स्थिति में उपभोक्ताओं को तीन दिन की अतिरिक्त मोहलत दी जाए और इस अवधि में कनेक्शन न काटा जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि UPPCL Smart App के माध्यम से उपभोक्ता अपने मीटर की लाइव रीडिंग और बिजली खपत की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि बिना सहमति के उनके मीटर को प्रीपेड सिस्टम में बदल दिया गया है, जिससे बार-बार बिजली कटौती हो रही है। उन्होंने पोस्टपेड (उपयोग के बाद भुगतान) प्रणाली लागू करने की मांग भी रखी।
इस पर प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया कि पोस्टपेड प्रणाली लागू करने के संबंध में अभी शासन स्तर से कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। आदेश मिलने के बाद ही इस दिशा में आगे कदम उठाया जा सकेगा।
अंत में, उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *