अधिवक्ताओं ने किया पुलिस मुख्यालय का घेराव
अधिवक्ता से मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस कमिश्नर के समझाने पर माने
प्रयागराज। सिविल लाइंस क्षेत्र के एक जी आफिस के पास एक होटल में अधिवक्ता से मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को वकीलों पुलिस मुख्यालय का घेराव किया। यहां करीब एक घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। मौके पर पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया तो अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन खत्म किया।
सुबह करीब 11:30 बजे 40-50 की संख्या में अधिवक्ता पीएचक्यू पहुंचे। यहां मुख्य प्रवेश द्वार के सामने ही बैठकर उन्होंने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि पूर्व में दिए गए आश्वासन के बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई। इनमें पीड़ित अधिवक्ता विष्णु पांडेय भी शामिल रहे।
करीब एक घंटे तक प्रदर्शन के बाद में मौके पर पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया खुद पहुंचे और अधिवक्ताओं से बातचीत की। आश्वासन दिया कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी। अधिवक्ताओं के आरोपियों के रसूखदार होने का आरोप लगाने पर उन्होंने यह भी कहा कि मामले में निष्पक्ष और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अधिवक्ता शांत होकर वापस चले गए। इस दौरान एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजयपाल शर्मा समेत तमाम अफसर मौजूद रहे।
ज्ञात हो कि यह घटना 2 सितंबर की रात की है। एजी ऑफिस के पास रेस्टोरेंट में खाना खाने गए अधिवक्ता का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई। खाना खराब होने की शिकायत करने पर रेस्टोरेंट संचालक और उसके साथियों ने रेस्टोरेंट से बाहर लाकर बीच सड़क पर उनकी पिटाई की।
पुलिस ने लोकनाथ रेस्टोरेंट संचालक, मैनेजर व वेटरों समेत अन्य पर एफआईआर दर्ज की थी। घटना से नाराज अधिवक्ताओं ने अगले दिन एकलव्य चौराहे पर चार घंटे तक प्रदर्शन किया। इससे प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर 4 घंटे आवागमन प्रभावित रहा था।

