एक माह बाद भी किशोरी को बरामद करने में विफल है पुलिस
*परिजनों ने नाबालिग किशोरी को बहला फुसलाकर लगाया है अपहरण का आरोप
लालगंज, मीरजापुर। थाना क्षेत्र से दुबार कला पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग किशोरी को बहला फुसलाकर अपहरण कर लिया गया है। घटना को एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक किशोरी को बरामद नहीं कर पाई है। विधवा मां बेटी को बेच दिए जाने की आशंका से परेशान हैं, परिवार गहरे सदमे में है। लालगंज पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर 16 जुलाई को अपहरण का मामला दर्ज किया था। इसके बाद से पुलिस लगातार मामले की जांच और किशोरी की तलाश में जुटी है। पीड़ित परिवार ने अपनी नाबालिग बेटी की बरामदगी के लिए उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद के लिए भी ध्यान आकर्षित कराया है। दुबार कला पुलिस चौकी अंतर्गत एक गांव की यह पंद्रह वर्षीया किशोरी अपने घर से बहला-फुसलाकर भगाई गई थी, जिसका लोकेशन मुंबई मे होने की लोग दबी जुबान चर्चा कर रहे हैं, इसमें सच्चाई जो भी हो। किशोरी की मां सीता देवी बेहद परेशान हैं। उनके पति का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में कोई अन्य बालिग सदस्य न होने के कारण उनकी चिंता और बढ़ गई है। लालगंज के प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी है, लेकिन अभी तक नाबालिग किशोरी और आरोपी लड़के का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस लगातार संभावित स्थानों पर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

