एनएचएम कर्मियों ने तीन दिवसीय हड़ताल का किया ऐलान
*समान कार्य-समान वेतन समेत कई मांगों को लेकर जताया विरोध*
सुल्तानपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय सुल्तानपुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत आयुष चिकित्सकों समेत विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों ने प्रदेश कार्यकारिणी के दिशा-निर्देश पर कार्य बहिष्कार करते हुए तीन दिवसीय हड़ताल की घोषणा की है। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।
एनएचएम कर्मियों की प्रमुख मांगों में 10 वर्ष या उससे अधिक समय से सेवा दे रहे सभी एनएचएम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लॉयल्टी बोनस देकर नियमित किए जाने, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने तथा कर्मचारी और उसके परिवार को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।
कर्मचारियों ने मौजूदा महंगाई को देखते हुए महंगाई भत्ता (डीए) देने, ईपीएफ, एचआरए और ग्रेच्युटी की सुविधा लागू करने तथा सेवा के दौरान मृत्यु होने पर अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने की भी मांग उठाई है।
इसके साथ ही नियमित पदों पर होने वाली भर्तियों में एनएचएम कर्मियों के लिए कोटा निर्धारित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं और अधिकार नहीं मिल रहे हैं।
एनएचएम कर्मियों ने सरकार से सभी मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है। कर्मचारियों का कहना है कि मांगों के समाधान तक आंदोलन को प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देशानुसार आगे बढ़ाया जाएगा।

