ऐंठापुर में ज्येष्ठ मास के छठे मंगल पर बंटा शीतल शरबत*
*ब्यूरो रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*शाहजहांपुर* ज्येष्ठ मास के छठे मंगलवार के पावन अवसर पर भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए विभिन्न स्थानों पर शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ऐंठा पुर में सब इंस्पेक्टर अनूप कुमार श्रीवास्तव एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से पवित्र मास ज्येष्ठ के छठे मंगलवार पर शीतल शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व कार्यक्रम के संयोजक अनूप कुमार श्रीवास्तव ने सर्वप्रथम वीरों के वीर महावीर (बजरंग बली) के पावन चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित कर फल,मेवा मिष्ठान से भोग लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने विशाल स्टॉल लगाकर राहगीरों और भक्तों को शीतल शरबत पिलाया एवं बूंदी का परसाद वितरण किया। भीषण गर्मी में रोड से गुजरने वाले राहगीरों ने अपनी -अपनी गाड़ियों को रोककर श्रध्दापूर्वक शीतल शरबत एवं बूंदी का परसाद ग्रहण किया। भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच राहगीरों ने शीतल शरबत का सेवन कर अपनी प्यास बुझाई। अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बड़े मंगल पर बजरंग बली महाराज जी की सेवा और राहगीरों की प्यास बुझाने से जो आत्म संतुष्टि मिली वह अद्भुत है। इस पुनीत कार्य में अरविंद कुमार श्रीवास्तव, अनुज कुमार श्रीवास्तव सहित स्थानीय लोगों,महिलाओं, बच्चों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया और व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई।

