कमलापुर में चोरों का तांडव, 25 लाख के जेवरात पार

कमलापुर में चोरों का तांडव, 25 लाख के जेवरात पार

– आधी रात घर में सेंध लगाकर घुसे चोर, 40 हजार रुपये नकद भी उड़ाए

– पुलिस के सामने खुलासे की चुनौती

 

सीतापुर। कमलापुर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बरईखेड़ा गांव में रविवार की देर रात सेंध लगाकर घर में घुसे चोर अलमारी से 40 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। बेटी की आहट पर नींद खुलने और शोर मचाने से चोर मौके से भाग निकले।गांव निवासी मदनलाल पुत्र स्वर्गीय लल्लू पासी के मुताबिक, 18-19 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात चोर मकान के पीछे की तरफ सेंध लगाकर अंदर घुस आए। इसके बाद अलमारी में रखे नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। बेटी के शोर मचाने पर चोर रेलवे लाइन की तरफ भाग गए। मौके से झाड़ियों में एक बटुआ भी मिला है। पीड़ित परिवार ने रात में ही कमलापुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। इतनी बड़ी चोरी से गांव में दहशत का माहौल है। अब पुलिस के सामने चोरों का पता लगाने और चोरी गए जेवरात बरामद करने की चुनौती है। सीओ सिधौली ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

इनसेट

बोरिंग में सेंध लगाकर पाइप समेत 20 हजार का सामान पार, किसान को चोरों ने लगाया चूना

सिधौली/सीतापुर। कमलापुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ा पतारकला निवासी अनुज पुत्र रामगुलाम की रूपापुरवा गांव के निकट स्थित बोरिंग को निशाना बना लिया। चोरों ने सेंध लगाकर बोरिंग में रखा पाइप समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित के होश उड़ गए। बोरिंग से सामान गायब मिलने पर आसपास के लोगों में भी चर्चा शुरू हो गई। खेती-किसानी के काम आने वाले सामान की चोरी से पीड़ित को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *