(कवर्धा) चंडालपुर बना चंदनपुर
कवर्धा, 26 सितंबर (आरएनएस)। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने के बाद कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर को अब आधिकारिक रूप से नई पहचान मिल गई है। छत्तीसगढ़ शासन के राजपत्र में गांव का नाम बदलकर ‘चंदनपुरÓ किए जाने का प्रकाशन हो चुका है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने शुक्रवार देर रात बारिश के बीच गांव पहुंचकर ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपी और बधाई दी।
नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया और मिठाई बांटकर खुशी जताई। इस दौरान विजय शर्मा ने गांव के विकास के लिए सीसी रोड और सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 11.70 लाख रुपए देने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा, राज्यपाल की स्वीकृति और राजपत्र प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी हुई। अब ‘चंदनपुरÓ नाम सरकारी अभिलेखों और शासकीय वेब पोर्टल पर दर्ज रहेगा।
उन्होंने कहा कि गांवों के नाम केवल पहचान नहीं होते, बल्कि उनसे स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से दैनिक व्यवहार में भी गांव के नए नाम ‘चंदनपुरÓ का उपयोग करने का आग्रह किया।
ग्रामीणों की सुविधा के लिए आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने विशेष शिविर लगाया जाएगा, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें

