किशोरी के साथ किया सामूहिक दुराचार
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर रात किशोरी के साथ सामूहिक दुराचार का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पीड़िता की मां के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10ः30 बजे किशोरी ने पेट में दर्द होने की बात कही और घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित शौचालय चली गई। आरोप है कि शौचालय से बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया और पास के मकई के खेत में खींच ले गए। वहां आरोपियों ने किशोरी की आंखों पर पट्टी बांधकर उसके साथ सामूहिक दुराचार किया।परिजनों के मुताबिक, किशोरी के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां की नींद खुल गई। मां जब मौके की ओर पहुंची तो आरोपी किशोरी को खेत से बाहर फेंककर फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों को तहरीर देने के लिए सरायख्वाजा थाने भेज दिया।रात करीब तीन बजे परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन करने के साथ पीड़िता और उसके परिजनों से पूछताछ की। सीओ सदर के मुताबिक, घटना के पर्दाफाश के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। थाना पुलिस की दो टीमें भी आरोपियों की तलाश और घटना की जांच में जुटी हैं।

