गाजियाबाद में 2027 के चुनाव को लेकर सपा ने तेज की तैयारियां, रामजीलाल सुमन बोले- कांग्रेस से गठबंधन समय की जरूरत

ब्यूरो चीफ / राजेश कुमार
गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन बुधवार को गाजियाबाद पहुंचे। गोविंदपुरम स्थित शुभमंगलम बैंक्वेट हॉल में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव और आगरा में होने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के स्वजन सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।
रामजीलाल सुमन ने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा और यह समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर बातचीत और निर्णय के लिए सपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अधिकृत किया है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेताओं के बीच बातचीत के बाद इस संबंध में आगे का निर्णय लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से गठबंधन को लेकर अनावश्यक बयानबाजी से बचने और अपनी वाणी पर संयम रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का विशाल स्वजन सम्मेलन आगरा में आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए वह पश्चिमी यूपी के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। बैठक में पीडीए चर्चा अभियान को लेकर भी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दलित समाज समेत सभी वर्गों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सुमन ने कहा कि प्रदेश में दलितों, कमजोर वर्गों और अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से लोगों में नाराजगी है। उन्होंने हापुड़ और मेरठ की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ा राजनीतिक मुकाबला होने वाला है और समाजवादी पार्टी चुनाव की तैयारियों में जुटी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की।
सपा के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटी है। आगरा में होने वाले सम्मेलन को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं और सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *