गाजियाबाद में पुलिस की एक नियमित चेकिंग के दौरान हवाला कारोबार और फर्जी जीएसटी फर्मों से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का हुआ खुलासा

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद में पुलिस की एक नियमित चेकिंग के दौरान हवाला कारोबार और फर्जी जीएसटी फर्मों से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। लिंक रोड थाना पुलिस ने दो युवकों को 24 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया, जिसके बाद की जांच में संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और टैक्स चोरी से जुड़े कई अहम सुराग सामने आए।
पुलिस के अनुसार, 23 मई की रात सनसाइन बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से 24 लाख रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राशिद और सुहेल के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मेरठ के निवासी हैं और वर्तमान में दिल्ली के मुस्तफाबाद-भागीरथी विहार इलाके में रह रहे थे।
पूछताछ के दौरान आरोपी इतनी बड़ी नकदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने उनके मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड की जांच की। शुरुआती जांच में कई संदिग्ध कैश ट्रांजेक्शन, हवाला एंट्री और वित्तीय लेनदेन के संकेत मिले हैं।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को 10 संदिग्ध जीएसटी फर्मों की जानकारी भी मिली। इनमें से नौ फर्म दिल्ली और एक हरियाणा में रजिस्टर्ड बताई जा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि इन फर्मों के जरिए फर्जी बिलिंग और करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी जीएसटी विभाग और आयकर विभाग को भी दे दी गई है। दोनों एजेंसियां अब वित्तीय दस्तावेजों और ट्रांजेक्शन की विस्तृत जांच में जुट गई हैं।
साहिबाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त अमित सक्सेना ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अब तक कितनी बड़ी टैक्स चोरी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *