गाजियाबाद में महिला डॉक्टर की पांचवीं मंजिल से गिरकर हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के थाना नंदग्राम क्षेत्र स्थित राजनगर एक्सटेंशन की ऑफिसर सिटी-2 सोसाइटी में रविवार शाम एक महिला डॉक्टर की पांचवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान डॉ. हमीका अग्रवाल (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पेशे से मनोचिकित्सक (साइकेट्रिस्ट) थीं और गाजियाबाद बस स्टैंड के समीप अपना क्लिनिक संचालित करती थीं। वह सोसाइटी के फ्लैट में अकेले रह रही थीं।
परिजनों के अनुसार, करीब 18 महीने पहले उनका वैवाहिक संबंध समाप्त हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव से गुजर रही थीं और उनका उपचार भी चल रहा था।
घटना के बाद सोसाइटी के लोगों ने तत्काल उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना नंदग्राम पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों एवं अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *