ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : राजकीय संबद्ध निट्रा टेक्निकल कैंपस (NTC), गाजियाबाद के लिए गर्व का क्षण रहा, जब बी.टेक. (टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी) के छात्र सत्यम को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU), लखनऊ के शैक्षणिक सत्र 2022-26 में कार्पेट एवं टेक्सटाइल ग्रुप में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) से सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति महामहिम श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने सत्यम को स्वर्ण पदक प्रदान किया। इस अवसर पर प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल, AKTU के कुलपति डॉ. जय प्रकाश पांडे तथा निट्रा टेक्निकल कैंपस के निदेशक डॉ. बी.के. शर्मा सहित विश्वविद्यालय एवं संस्थान के अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
सत्यम ने बी.टेक. (टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी) की पढ़ाई के दौरान 8.59 सीजीपीए प्राप्त करते हुए कार्पेट एवं टेक्सटाइल ग्रुप में विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। उनकी यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का परिणाम मानी जा रही है।
संस्थान के निदेशक डॉ. बी.के. शर्मा ने सत्यम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक छात्र की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि निट्रा टेक्निकल कैंपस की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी संकाय और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का प्रमाण भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान के विद्यार्थी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
संस्थान के महानिदेशक डॉ. एम.एस. परमार ने भी सत्यम को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी प्रतिभा और तकनीकी दक्षता से योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर संस्थान के सभी प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सत्यम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वर्ण पदक प्राप्त करने के बाद सत्यम ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा निट्रा टेक्निकल कैंपस के सकारात्मक एवं सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य भविष्य में टेक्सटाइल उद्योग में एक सफल वस्त्र अभियंता बनकर देश की सेवा करना और निट्रा टेक्निकल कैंपस का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

