ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र स्थित बिलासपुर कस्बे की एक निजी लाइब्रेरी में पढ़ाई के दौरान दो छात्रों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि शोर-शराबे का विरोध करने पर एक छात्र ने दूसरे छात्र पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तालड़ा गांव निवासी मनीष अधाना बिलासपुर स्थित एक निजी लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद झालड़ा गांव निवासी छात्र निखिल बैसला कथित रूप से शोर-शराबा कर रहा था। मनीष ने उसे शांत रहने और अन्य छात्रों की पढ़ाई में व्यवधान न डालने की सलाह दी।
आरोप है कि इस बात से नाराज होकर निखिल ने मनीष पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। हमले में मनीष की नाक और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद लाइब्रेरी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अन्य छात्रों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन घायल छात्र को लेकर दनकौर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पहले से उससे रंजिश रखता था तथा घटना के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
दनकौर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल छात्र का उपचार कराया जा रहा है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

