ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा थाना फेज-1 पुलिस ने सड़क हादसे का नाटक कर लोगों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से 67 चोरी के मोबाइल फोन समेत बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया है।
नोएडा जोन की एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पटरी के पास से पवन (40) और गोलू (20) को गिरफ्तार किया। दोनों थाना फेज-1 क्षेत्र के नया बांस गांव के निवासी हैं। इनके साथ शामिल एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों और रेड लाइट चौराहों पर लोगों को निशाना बनाता था। गिरोह का एक सदस्य चलती गाड़ियों के सामने आकर दुर्घटना का नाटक करता और जोर-जोर से शोर मचाता था। चालक के वाहन से उतरकर स्थिति देखने के दौरान दूसरा आरोपी गाड़ी की दूसरी ओर से खिड़की खोलकर मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो जाता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी राहगीरों से मोबाइल स्नैचिंग, जेब से मोबाइल चोरी करने के अलावा पीजी और बंद पड़े मकानों में चोरी की घटनाओं को भी अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एचपी लैपटॉप, 67 चोरी के मोबाइल फोन, छह टूटे हुए मोबाइल हैंडसेट, पांच धातु की चिमटी, 14 पेचकस, एक मिनी ग्राइंडर, दो चाकू तथा अन्य उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपियों के खिलाफ थाना फेज-1 में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के मामलों की भी जांच कर रही है|

